चेन्नई-कैंसर पेशेंट के बेटे ने डॉक्टर को चाकू मारा
चेन्नई-कैंसर पेशेंट के बेटे ने डॉक्टर को चाकू मारा
आरोपी को लगता था मां को गलत दवा दी जा रही, डॉक्टर से बात करने गया था
प्रिया की रिपोर्ट चेन्नई के सरकारी अस्पताल में बुधवार को एक कैंसर पेशेंट महिला के बेटे ने डॉक्टर पर चाकू से 7 वार किए। डॉक्टर के सिर, पेट, सीने पर चोटें आई हैं। उसका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम विग्नेश है, वो अपनी मां के इलाज से नाखुश था। उसे लगता था कि डॉक्टर बालाजी उसकी मां को गलत दवाइयां दे रहा है। इसीलिए विग्नेश सीनियर डॉक्टर बालाजी से बात करने गया था। विग्नेश ने रूम के दरवाजे बंद कर दिए और डॉ. बालाजी को चाकू मारना शुरू कर दिया।
अस्पताल में मौजूद स्टाफ और लोगों ने विग्नेश की पिटाई की और उसे पुलिस को सौंप दिया।
डॉक्टर खुद हार्ट पेशेंट, पेसमेकर लगा
तमिलनाडु के हेल्थ मिनिस्टर मा. सुब्रमण्यम ने कहा कि डॉ. बालाजी ICU में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर है। साथी डॉक्टर ने बताया कि बालाजी ओन्कोलॉजिस्ट हैं। वे खुद हार्ट पेशेंट हैं और उन्हें पेसमेकर लगा है। उन पर ओपीडी में हमला हुआ।
हमला होने पर डॉक्टर मदद के लिए चिल्लाए। लोगों ने बाहर से दरवाजा खोला और डॉक्टर को बचाया। आरोपी चुपचाप अस्पताल के बाहर जाने लगा, उसे थोड़ी दूर जाने पर सिक्योरिटी ने रोक लिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी की मां की 6 बार कीमो थेरेपी हुई
पुलिस ने बताया कि विग्नेश अपनी मां के इलाज से असंतुष्ट था। वह सोचता था कि डॉक्टर मां का सही इलाज नहीं कर रहे हैं और गलत दवाएं दी जा रही हैं। इसके बाद विग्नेश ने अपनी मां को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पता चला कि फेफड़े में प्रॉब्लम है। विग्नेश सरकारी अस्पताल लौटा। वह डॉक्टर से इलाज पर बात करने गया था, लेकिन हमला कर दिया। डॉक्टर और आरोपी के बीच क्या बात हुई इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
CM स्टालिन ने दिए जांच के आदेश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने घटना की जांच के आदेश दिए है। X पर पोस्ट कर CM ने कहा- समय की परवाह किए बिना सरकारी अस्पतालों में जाने वाले मरीजों को उचित उपचार देने में हमारे सरकारी डॉक्टरों का निस्वार्थ कार्य अतुलनीय है। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने ऐसी घटना दोबारा न हो यह सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।
डॉक्टरों ने हड़ताल का ऐलान किया
चेन्नई में सीनियर डॉक्टर पर चाकू से हमले के बाद, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा फिर से गरमा गया है। नाराज डॉक्टरों ने पूरे राज्य में हड़ताल का ऐलान किया है। मामले में स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमण्यम ने कहा कि वे डॉक्टरों से बात करेंगे।
खबरे और भी है
EC ने गडकरी, फडणवीस और अजित के बैग चेक किए