रेलवे कर्मियों ने मंदिर में की प्रेम विवाह, परिवार भी रहा मौजूद
धनबाद में गुरुवार को प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया |
धनबाद में गुरुवार को प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया, जहां रेलवे में कार्यरत दो कर्मचारियों ने सामाजिक स्वीकृति के साथ शादी रचा ली। भूली थाना के समीप स्थित शिव मंदिर में युवक और युवती ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी बना लिया। विवाह समारोह में पांडरपल्ला बस्ती के लोग, स्थानीय निवासी और दोनों परिवारों के परिचित बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार पांडरपल्ला निवासी रानी कुमारी और बैंकमोड़ निवासी अमित कुमार दोनों रेलवे में कार्यरत हैं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा। परिवार और समाज की सहमति मिलने के बाद दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया। मंदिर में सादे लेकिन भावुक माहौल में शादी की सभी रस्में पूरी की गईं।
शादी के दौरान स्थानीय लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह समारोह के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी करने के लिए भूली थाना में बॉन्ड भी भरा। स्थानीय लोगों ने इस प्रक्रिया में गवाह की भूमिका निभाई, जिससे उनके रिश्ते को कानूनी मान्यता भी मिल सके।
मंदिर परिसर में आयोजित इस शादी ने आसपास के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। लोगों ने इसे प्रेम, विश्वास और सामाजिक सहयोग का अच्छा उदाहरण बताया। वहीं नवविवाहित जोड़े ने कहा कि परिवार और समाज का साथ मिलने से उनका रिश्ता और मजबूत हुआ है। इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई|
