पटना में खान सर के ग्लोबल कोचिंग सेंटर में बवाल, सरकार सख्त; नई कोचिंग नीति का ऐलान
पटना में खान सर के ग्लोबल कोचिंग सेंटर में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए खान सर ने अपने कोचिंग संस्थान को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। कोचिंग बंद होने से नाराज और परेशान छात्र उनके समर्थन में सड़क पर उतर आए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम पर बिहार सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति लाने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद शहर के दो कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। खान सर ने आरोप लगाया है कि पास के एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। उनका कहना है कि कम फीस में पढ़ाई कराने की वजह से कुछ कोचिंग संचालक पहले से नाराज थे और उन्हें धमकियां भी दी गई थीं।
घटना के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार अगले तीन महीने के भीतर कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति तैयार करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की साजिश या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच के लिए डीजीपी से बातचीत की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक अन्य कोचिंग संस्थान का डायरेक्टर भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने चार नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग गार्ड के साथ मारपीट करते और इमारत पर ईंट-पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

