राजभर के दावे से यूपी की सियासत गरमाई, अखिलेश बोले- जो डरेगा वही पार्टी छोड़ेगा
उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी टूट का दावा किया। राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सपा के कई नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं और आने वाले दिनों में पार्टी में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजभर के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। इसे आगामी चुनावों से पहले सियासी माहौल को गर्माने वाली टिप्पणी माना जा रहा है।
वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजभर के दावे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो डर जाएगा, वह पार्टी छोड़कर चला जाएगा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा जैसी बड़ी राजनीतिक ताकत का मुकाबला करने के लिए बहादुर और संघर्षशील लोगों की जरूरत होती है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने राजनीतिक सफर में कई चुनौतियों और उतार-चढ़ाव का सामना किया है। इसके बावजूद पार्टी लगातार मजबूत होकर उभरी है और आगे भी किसी चुनौती से पीछे नहीं हटेगी।
राजभर और अखिलेश के बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी दल अपनी रणनीतियों को धार देने में जुट गए हैं।

