TMC नेता उदयन गुहा गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल की राजनीति में मचा सियासी भूचाल
पश्चिम बंगाल की राजनीति में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक उदयन गुहा को कोलकाता के फूलबागान इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक गिरफ्तारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कूचबिहार पुलिस ने उदयन गुहा को कथित तोलाबाजी (जबरन वसूली) और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में हिरासत में लिया है। आरोप है कि सरकारी अस्पताल में बच्चों की यूनिट स्थापित करने के नाम पर बाजार और स्थानीय व्यापारियों से करोड़ों रुपये जुटाए गए, लेकिन परियोजना का कार्य निर्धारित स्तर तक पूरा नहीं कराया गया।
शिकायतकर्ता रूपम साहा का आरोप है कि 2021 विधानसभा चुनाव के बाद करीब 20 से 25 करोड़ रुपये एकत्र किए गए थे, जबकि मौके पर केवल 40 से 50 लाख रुपये का ही काम कराया गया। इस मामले को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ था।
वहीं पश्चिम Bengal विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी पहले भी उदयन गुहा पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं। शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया था कि 5 अगस्त को कूचबिहार के खागड़ाबाड़ी क्षेत्र में उनके काफिले पर हुआ हमला उदयन गुहा के निर्देश पर कराया गया था। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस पर मामले को दबाने तथा आरोपियों को बचाने का आरोप भी लगाया था।
शुभेंदु अधिकारी का कहना था कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज तो की, लेकिन कथित रूप से उदयन गुहा का नाम हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पुलिस से दोनों एफआईआर के बीच अंतर स्पष्ट करने और जांच से जुड़ी जानकारी हलफनामे के रूप में पेश करने का निर्देश दिया था। अब उदयन गुहा की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

