Jharkhand Weather News: रांची समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलजमाव

झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों में कोडरमा के तिलैया डीवीसी में सर्वाधिक 46.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं चंदवा में 45.2 मिमी और रांची के कांके में 42.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के भीतर मॉनसून झारखंड के शेष हिस्सों में भी फैल जाएगा। वर्तमान में समुद्र तल पर मौसमी टर्फ पश्चिम राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक झारखंड होते हुए गुजर रही है, जिसके प्रभाव से राज्य में वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं।

रविवार को दिनभर तेज धूप रहने के बाद शाम करीब छह बजे राजधानी रांची का मौसम अचानक बदल गया। शहर के अधिकांश इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक गर्जन के साथ जारी रही।

भारी बारिश के कारण सेवा सदन पथ, जयपाल सिंह स्टेडियम क्षेत्र, हलधर प्रेस गली, मेन रोड, लालजी हिरजी रोड और स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं सुरक्षा कारणों से कई क्षेत्रों में आधे से एक घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

मौसम विभाग ने 16 और 17 जून को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बने रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *