परभणी के हनुमान मंदिर में बड़ा हादसा: सभा मंडप की छत गिरी, 5 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
परभणी हनुमान मंदिर हादसा: महाराष्ट्र के Maharashtra के Parbhani जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के यशवाड़ी गांव स्थित हनुमान मंदिर के सभा मंडप की छत अचानक ढह गई, जिससे कम से कम 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में कीर्तन और महाप्रसाद का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। इसी दौरान सभा मंडप का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया और वहां मौजूद लोग मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में कुछ निर्माण कार्य भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि संरचना कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
यशवाड़ी गांव मनवत रोड पर स्थित है और यह क्षेत्र छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 190 किलोमीटर दूर बताया जाता है। प्रशासन ने मृतकों और घायलों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

