राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- युवाओं के सपने रोज़ टूट रहे हैं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने देश के युवाओं, विशेषकर Gen Z पीढ़ी से एकजुट होकर अपनी आवाज़ बुलंद करने की अपील की है। राजस्थान के कोटा में आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन से पहले राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा और अधूरी भर्ती केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि देश के हर युवा का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था इस जिम्मेदारी को निभाने में नाकाम रही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, परीक्षा कुप्रबंधन, बढ़ती शिक्षा फीस, निजीकरण और बेरोजगारी जैसी समस्याएं लगातार युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और उनके सपनों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा में आयोजित छात्र सम्मेलन में युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब सरकार सुनने को तैयार नहीं होती, तब जनता को अपनी आवाज़ और बुलंद करनी पड़ती है। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए खड़े होने का आह्वान किया।
कांग्रेस का यह छात्र अभियान कोटा से शुरू होकर प्रयागराज, पटना और दिल्ली तक पहुंचेगा। इस अभियान के दौरान NEET-UG पेपर लीक, CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली, रोजगार और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर है कि युवाओं के मुद्दों को केंद्र में रखकर शुरू किया गया यह अभियान आगामी दिनों में राष्ट्रीय राजनीति पर कितना प्रभाव डालता है।

